बड़ौत (बागपत)। वैसे तो पहले से ही विद्युत निगम कई फर्जीवाडे के लिए चर्चाओं में रहता है, अब बड़ौत ब्लाक के कासिमपुर खेड़ी गांव में एक नया फर्जीवाडा प्रकाश मेें आया है। गांव में विद्युत निगम के अफसरों ने बिना किसी जांच पड़ताल के एक मृतक व्यक्ति के नाम पर ही लाखों रुपये का स्टीमेंट तैयार कर दिया है। इसकी ग्रामीणों ने निगम के अफसरों समेत एसडीएम को शिकायत कर केस की जांच कर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने की मांग की।
फजीवाडे का मामला कासिमपुर खेड़ी गांव का है। जहां पर रहने वाले राज सिंह पुत्र भिक्कन की दस साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद भी गांव के कुछ दलालों ने विद्युत निगम के कर्मचारियों से मिलीभगत कर मृतक के नाम से फर्जी पत्र तैयार कर स्वयं मृतक राज सिंह के हस्ताक्षर कर लाखों रुपये का स्टीमेंट तैयार करा लिया। इसमें चार विद्युत पोल और विद्युत लाइन आदि सामान है।
इस मामले का उजागर तब हुआ, जब गांव के ही जितेंद्र पुत्र राजवीर सिंह ने एसडीएम दीपाली कौशिक और अधिशासी अभियंता प्रथम अजय कुमार को फर्जीवाड़े की शिकायत की। शिकायतकर्ता के अनुसार राज सिंह नामक जिस व्यक्ति के नाम से निगम के अफसरों ने लाखों रुपये का स्टीमेट तैयार किया है, उसकी मौत दस साल पहले हुई है। हैरान करने वाली बात तो यह है कि फर्जीवाडा करने वाले लोगों ने मृतक के हस्ताक्षर भी बिल्कुल वैसे ही कर रखे हैं, जैसे मृतक उस समय करता था, जब वह जीवित था। मामला उजागर होते हुए निगम समेत प्रशासनिक अफसरों मेें हड़कंप मच गया है और वे फर्जीवाड़ा करने वाले व्यक्ति और उसका साथ देने वाले निगम के कर्मचारी का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस संबंध में एसडीएम दीपाली कौशिक और एक्सईएन प्रथम अजय कुमार से बातचीत की तो उन्होंने कहा फर्जीवाडे की शिकायत मिली है। जांच कर कार्रवाई होगी। उधर, परिवार के लोगों का कहना है कि रंजिशन के चलते गांव के ही कुछ लोग उनकी झूठी शिकायत कर रहे हैं।