बड़ौत। पीओएस मशीनें खराब होने से कई गांवों में राशन वितरण अटक गया है। रविवार को इन गांवों के कार्डधारकों ने खाद्यान्न न मिलने पर प्रदर्शन किया। एसडीएम सहित आपूर्ति विभाग के अफसरों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उधर, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की बात कही है।
रविवार को हिलवाड़ी, खड़खड़ी, सिनौली, बड़का व कंडेरा गांव के राशन कार्डधारकों एक घंटे से भी अधिक समय तक लाइन में खड़ा होने के बावजूद खाद्यान्न नहीं मिला। इस पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। उनकी राशन डीलरों के साथ नोकझोंक भी हुई। आरोप लगाया कि दो-तीन दिन से राशन लेने के लिए चक्कर काट रहे है, लेकिन मशीन खराब होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। राशन न मिलने पर दिक्कतें पैदा हो रही है। उन्होंने जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में राजपाल, अशोक, देवेंद्र, सुभाष, राजकली, भवरकली, संगीता, पारूल, सुषमा, आरती, रूबी, इमराना शामिल रहीं।
इस संबंध में राशन विक्रेता कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सुधीर दांगी ने बताया कि कई दिनों से हिलवाड़ी, सिनौली, बड़का, कंडेरा, खड़खड़ी सहित अन्य गांवों में पीओएस मशीनें बंद पड़ी है। इसकी लिखित व मौखिक शिकायत आपूर्ति विभाग के अफसरों से की जा चुकी है। दुकान पर भी मशीन बंद होने की सूचना चस्पा कर दी गई है। इस कारण राशन वितरण करने में दिक्कतेें हो रही है।
शिकायत प्राप्त हो रही है, जल्द से जल्द राशन वितरण की स्थिति को सुधारने जाने का प्रयास किया जा रहा है। - आलोक कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी