बागपत। मेरठ-बागपत हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान पानी का छिड़काव न होने के कारण धूल उड़ने की शिकायत पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुख्य सचिव ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मेरठ को जांच के निर्देश दिए हैं।
आरटीआई कार्यकर्ता एडवोकेट पवन तिवारी ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग -334 बी मेरठ-बागपत का निर्माण चल रहा है। निर्माण के दौरान पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। धूल के कारण प्रदूषण फैल रहा है। नया गांव हमीदाबाद और कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी के लोग परेशान हैं। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा आंखों में जलन, खांसी व धूल से गंभीर रोग होने की संभावनाएं बढ़ रही है।