छपरौली। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव व बागपत की पर्यवेक्षक सुभाषनी यादव के सामने रविवार को पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी व रामकुमार चौधरी के समर्थक भिड़ गए। उनके बीच हाथापाई हुई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पूर्व जिलाध्यक्षों ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी एक-दूसरे के समर्थकों ने खींचतान की। पर्यवेक्षक के प्रदेश समिति को शिकायत करने की चेतावनी के बाद मामला शांत हुआ।
पर्यवेक्षक सुभाषनी यादव पिछले एक सप्ताह से बागपत में अलग-अलग जगहों पर बैठक कर रही हैं और कांग्रेस नेताओं से जिलाध्यक्ष व शहरी अध्यक्ष के नामों को लेकर चर्चा कर रही हैं। रविवार को भी छपरौली में एक फार्म हाउस में बैठक चल रही थी। पर्यवेक्षक के कक्ष में पहले जाने को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी व रामकुमार चौधरी के समर्थकों में कहासुनी हो गई।
वहां विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के समर्थक भिड़ गए और गाली-गलौच करने के साथ ही उनमें हाथापाई होने लगी। एक-दूसरे के कपड़े तक खींचे गए।