बागपत। वाटर कूलर मामले में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान व विधायक योगेश धामा से प्रधानों व सचिवों ने मुलाकात की। उनसे गांवों में लगवाए गए वाटर कूलर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
उनके सामने परियोजना निदेशक पर जांच के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप भी लगाया गया तो गांवों के वाटर कूलर ब्लॉक समिति से लगवाए गए वाटर कूलरों से कम दाम के बताए गए। सांसद व विधायक ने मामले में डीएम अस्मिता लाल से बात करके निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
गांवों में गर्मी शुरू होते ही वाटर कूलर लगवाए गए थे। इन वाटर कूलरों में घपले के आरोप लगे तो डीएम अस्मिता लाल ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के परियोजना निदेशक राहुल वर्मा को जांच दी। उन्होंने जांच में घोटाला बताते हुए एक वाटर कूलर की कीमत केवल 80 हजार रुपये तक होने के बाद भी खाते से 1.40 लाख रुपये निकालने की बात कही। इसको लेकर ही गांवों के प्रधान व सचिव भड़क गए और परियोजना निदेशक पर जांच सही नहीं करने का आरोप लगाते हुए सांसद व विधायक से शिकायत की गई। उनको बताया गया कि ब्लॉक समिति में इससे भी ज्यादा दाम पर वाटर कूलर लगवाए गए हैं। प्रधान योगेश, सचिन शर्मा, सचिन उर्फ भीम, रोहित धनकड़, ओमबीर सिंह, संदीप, सहेंद्र, राजकुमार, प्रवीण आदि ने आरोप लगाया कि इस मामले में प्रधानों की छवि भी खराब की जा रही है। इसमें सांसद व विधायक ने डीएम अस्मिता लाल से बातचीत की। उनसे कहा गया कि प्रधानों को इस तरह से परेशान नहीं किया जाए और जिस अधिकारी पर आरोप लगाए गए हैंए उसकी जांच कराने के लिए भी कहा गया। इस पर डीएम अस्मिता लाल ने मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके अलावा ब्लॉक समितियों से लगवाए गए वाटर कूलरों की भी जांच कराने की बात कही गई है।