बागपत। स्वतंत्रता दिवस पर गौरीपुर जवाहरनगर गांव के प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम में हुए विवाद के मामले में प्रधान आरती को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने एसपी से मुलाकात की। जहां बीएसए पर महिला प्रधान को जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर कार्यक्रम से बाहर निकालने का आरोप लगाया।
एसपी को दी शिकायत में भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर गौरीपुर जवाहरनगर गांव के प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल होने आईं प्रधान आरती के साथ बीएसए ने अभद्रता की और जातिसूचक शब्दों से उनको अपमानित करते हुए वहां से भगा दिया। उन्होंने जातिसूचक शब्दों से प्रधान को अपमानित करने के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसपी सूरज कुमार राय ने जांच कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जोगेंद्र वाल्मीकि, सतेंद्र मौर्य, रामधारी, दिनेश प्रधान व सुक्रमपाल समेत अन्य मौजूद रहे।
-
पूर्व प्रधान ने वीडियो बनवाई, वह जातिसूचक शब्द कहते दिख रहे
गौरीपुर जवाहरनगर गांव के प्राथमिक विद्यालय में बीएसए और प्रधान पक्ष के बीच हुए विवाद के दौरान की एक वीडियो भी वायरल हो रही है। उस वीडियो में एक पूर्व प्रधान भी विद्यालय में मौजूद हैं। वह अपने साथी से बीएसए की वीडियो बनवा रहे हैं, जिसमें प्रधान आरती को लेकर दोनों के बीच बातचीत होती नजर रही है। हालांकि वीडियो में बीएसए की तरफ से आपत्तिजनक बात नहीं की गई और पूर्व प्रधान जातिसूचक शब्द बोलते हुए कह रहा है कि प्रधान को इसलिए ही भगाया जा रहा है। इसके बाद बीएसए वीडियो बनाने का विरोध करती दिख रही हैं।
-
वर्जन-
मैंने किसी से कुछ नहीं कहा है और न गलत शब्दों का इस्तेमाल किया है। मैं प्रधान को जानती तक नहीं थी। स्कूल में एक व्यक्ति खुद ही वीडियो बना रहा था और प्रधान के लिए वह खुद ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर रहा था। वीडियो में सबकुछ साफ देखा और सुना जा सकता है। -गीता चौधरी, बीएसए