बागपत के कुरैशियान मोहल्ले में अवैध कटान का बरामद हुए समान की जांच करते पुलिसकर्मी
बागपत। पुराने कस्बे में अवैध पशु कटान पहली बार नहीं पकड़ा गया है, बल्कि नौ महीने पहले भी मुहल्ला कुरैशियान में अवैध कमेला चलता मिला था। तब भी हाजी इनाम के मकान में पशु कटान चल रहा था और इस बार भी केवल जगह बदली गई है, मकान मालिक इस बार भी इनाम ही था। पुलिस ने उसपर खूब मेहरबानी दिखाई और मुख्य आरोपियों पर शामिल रहे इनाम को छोड़कर 35 अन्य आरोपियों पर गैंगस्टर लगा दी गई। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है। कुरैशियान मोहल्ले में 28 अप्रैल 2022 को अवैध रूप से मिली कमेला चलता मिला था। उस समय पुलिस ने वहां से 12 आरोपी पकड़े थे। पुलिस की जांच में 43 अन्य आरोपियों के नाम सामने आने पर उनको मुकदमे शामिल किया गया था। 55 आरोपियों में सीधे तौर पर पशु तस्करी व कटान में शामिल किया था। इनमें से 35 आरोपियों को गिरोहबंद अधिनियम में निरुद्ध किया था। इनमें से कई जेल में बंद हैं, लेकिन हाजी इनाम पर यह कार्रवाई नहीं की गई और वह आराम से बाहर घूमता रहा।पूरे मामले की छानबीन की गई तो पता चला कि नौ महीने पहले पकड़े गए अवैध कमेले के मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल हाजी इनाम पर कोतवाली पुलिस ने खूब मेहरबानी दिखाई। गिरोहबंद अधिनियम में निरुद्ध नहीं किया गया था और उसे अवैध पशु कटान मामले में जमानत मिल गई। जमानत पर बाहर आते ही वह फिर से अवैध पशु कटान कराने लगा। शुक्रवार को उसके घर के पास स्थित घेर में कमेला चल रहा था और उसके परिवार के लोग भी इसमें शामिल थे। एसपी नीरज कुमार जादौन का कहना है कि यह दिखवाया जाएगा कि आखिर उस मामले में हाजी इनाम पर गिरोहबंद अधिनियम की की कार्रवाई क्यों नहीं हुई। । यह गंभीर मामला है और उस समय ही उसपर यह कार्रवाई होनी चाहिए थी।
फैंटम पर तैनात पुलिस कर्मी करते है निगेहबानी
पुराने कस्बे में पशु तस्करी से लेकर अवैध पशु कटान के मामले में सबसे ज्यादा आरोप फैंटम पर तैनात पुलिस कर्मियों पर लग रहे हैं। वहां लोगों ने बताया कि पुलिस से मिलीभगत करके इस तरह अवैध पशु कटान किया जा रहा है। फैंटम पर तैनात कई पुलिस कर्मी ही तस्करी व कटान करने वालों के लिए मुखबिरी करते हैं। एसपी ने इस पूरे मामले में जांच बैठा दी है और उसमें जिसकी भी मिलीभगत मिलेगी, उनपर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
पांच की संपत्ति जब्त करने को फाइल डीएम के पास भेजी
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि अवैध रूप से मिनी कमेला चलाने वाले जिन आरोपियों पर गिरोहबंद अधिनियम में कार्रवाई की गई थी, उनमें से मुख्य आरोपियों में शामिल पांच की संपत्ति जब्त करने के लिए फाइल डीएम के पास भेजी गई थी। एसपी ने बताया कि अन्य की संपत्ति जब्त करने के लिए भी फाइल तैयार कराई जा रही है।
बागपत के कुरैशियान मोहल्ले में अवैध कटान का बरामद हुए समान की जांच करते पुलिसकर्मी