संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। मवीकलां गांव के जंगल से मिट्टी खनन करते हुई पकड़ी गई जेसीबी को सांठगांठ कर छोड़ने की खबर प्रकाशित होने पर बालैनी पुलिस में हड़कंप मच गया। मंगलवार को पुलिस ने उस जेसीबी के बदले दूसरी जेसीबी को पकड़ने का प्रयास किया। जिस पर मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। इससे पुलिस उल्टे पांव लौट आई।
बालैनी थाना क्षेत्र के कई गांव में जेसीबी से मिट्टी खनन का कारोबार जोरशोर से चल रहा है। रविवार को बालैनी पुलिस ने मवीकलां गांव के जंगल से खनन कर रही एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर बालैनी हिंडन चौकी पर खड़ा कर दिया था। लेकिन शाम होते-होते पुलिस ने सांठगांठ कर जेसीबी को छोड़ दिया था। मंगलवार को मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद बालैनी पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस मवीकलां गांव के जंगल में एक ईंट भट्ठे पर पहुंची और वहां खड़ी एक खराब जेसीबी को पकड़कर लाने का प्रयास किया। इसका वहां पर मौजूद लोगों ने विरोध किया। हंगामा करने लगे हंगामा देखकर पुलिस वहां से बिना जेसीबी को लाए ही वापस लौट आई। इस बारे में बालैनी एसओ नरेश कुमार का कहना है कि खनन की सूचना पर पुलिस गई थी। लेकिन वहां खनन होता हुआ नहीं मिला। मामले की जांच की जा रही है।