बागपत के पाबला बेगमाबाद गांव में विवादित प्लाट में रखी ज्वार की पुलियों को पुलिस ने रविवार की रात में हटवा दिया। सोमवार को सुबह के समय पुलिस फिर गांव में पहुंच गई और गाली-गलौज कर रुपये की मांग करने लगी। इससे ग्रामीण भड़क गए। सूत्रों के अनुसार पुलिसकर्मी से लोगों की हाथापाई तक हुई। इससे वहां हंगामा हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में एमएलसी की भूमि पर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष ने वहां ज्वार की पुली रख रखी थी। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध कर पुलिस से शिकायत की। रविवार की रात में पुलिस ने वहां पर पहुंचकर पुली को उठवा दिया। आरोप है कि सोमवार को सुबह के समय भी पुलिसकर्मी वहां दोबारा पहुंच गए और गाली-गलौज कर रुपये की मांग करने लगे। रुपये नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी देने लगे।
इस दौरान लोगों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। इस दौरान पुलिस ने एक युवक से मारपीट कर दी। इसके बाद लोग भड़क गए। नाराज लोगों की पुलिस से हाथापाई हुई। लोगों का तो यहां तक कहना है कि एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट गई थी। इससे वहां हंगामा हो गया। मामला बढ़ता देखकर पुलिसकर्मी वहां से रफू चक्कर हो गए। गांव के सैकड़ों लोग ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर अधिकारियों के पास जाने लगे। गांव के जिम्मेदार लोगों ने उनको समझा-बुझाकर शांत कर दिया। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
इतना होने के बाद भी पुलिसकर्मियों ने अपने उच्चाधिकारियों को वारदात के बारे में नहीं बताया। अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी होने से मना किया। दूसरी तरफ सीओ राजवीर सिंह ने कहा मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
महिला से मारपीट, अश्लील हरकतें
बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र की एक महिला ने एसपी दफ्तर में पहुंचकर कहा पड़ोस के लोगों ने घर में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकतें कर मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।