बागपत/बड़ौत। साप्ताहिक बंदी के दौरान रविवार को नगर के बाजार बंद रहे। मुख्य बाजारों के अतिरिक्त चौराहों, मार्गों और पुराना कस्बा में पुलिस का पहरा रहा। इसके बावजूद नगर के बड़ा बाजार में दोपहर में सब्जी की दुकानें खुलीं और सड़क किनारे फलों के ठेले लगे। इस पर कोतवाली पुलिस ने सख्ती दिखाकर दुकानें बंद कराईं। इस दौरान बाजार में दुकानदार इधर-उधर दौड़ते नजर आए।
साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन सब्जी और फलों आदि की दुकानें बंद होते ही बाजार सूने हो गए। लोगों का आवागमन कम हो गया। पुलिस ने बड़ा बाजार के अतिरिक्त, पांडव रोड बाजार, शौकत मार्केट, यमुना रोड बाजार में भ्रमण कर लोगों को साप्ताहिक बंदी के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने लोगों को बंदी का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन रविवार को नगर से लेकर हाईवे तक लोगों का आवागमन कम रहा। मुख्य मार्गों और चौराहों पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने नगर में भ्रमण कर बंदी का पालन कराया। नगर की गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य मार्ग कोर्ट रोड, सिसाना रोड, पांडव रोड, पुराना कस्बा, माता कॉलोनी, यमुना रोड पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। जरूरत पड़ने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। हाईवे पर भी वाहनों की संख्या कम रही। रात्रि कर्फ्यू शुरू होते ही पुलिस ने नगर के मुख्य मार्गों पर गश्त कर राष्ट्र वंदना चौक पर चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
उधर, बड़ौत में संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए शासन की गाइडलाइन के तहत कोरोना कर्फ्यू के चलते रविवार को बाजारों में सन्नाटा रहा। शहर की नेहरू मूर्ति, संजय मूर्ति, घाटा बाजार, कोताना रोड, फूंसवाली मस्जिद, बिनौली रोड, रेलवे रोड, अग्रसेन मूर्ति, दिल्ली रोड आदि बाजारों में लोग नहीं दिखे। वहीं, पुलिस ने अनावश्यक रूप से खुली दुकानों को बंद कराया। बसों एवं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी बहुत कम रही।