खेकड़ा। क्षेत्र के गांव फखरपुर निवासी गैंगस्टर को जेल से जमानत पर छूटते ही कोतवाली पुलिस ने फिर से पकड़ लिया। विरोध में परिजनों ने कोतवाली में हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
गांव फखरपुर में दो वर्ष पूर्व लोनी निवासी एक फाइनेंसर से बदमाशों ने लाखों रुपये लूटकर उसे गोली मार दी थी। उक्त वारदात में पुलिस ने तब चार आरोपियों का चालान किया था। शुक्रवार को गैंगस्टर के चारों आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिलने पर जेल से छूटना था। गांव फखरपुर निवासी आकाश के परिजन अनिल कुमार ने बताया वह जेल के बाहर आकाश के छूटने का इंतजार कर रहे थे। उसके जेल से छूटते ही कोतवाली पुलिस ने उसे फिर से पकड़ लिया और गाड़ी में डालकर कही ले गई। उन्हें पुलिस ने आकाश के बारे में कोई जानकारी नहंी दी। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों के साथ कोतवाली में पहुंचकर हंगामा कर कहा जब न्यायालय ने जमानत मंजूर कर दी है तो फिर आकाश को पुलिस ने दोबारा क्यों पकड़ा है। ग्रामीणों के बढ़ते हंगामे को देखकर पुलिस ने आकाश को छोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसे अपने साथ लेकर गांव चले गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया आकाश जेल से छूटने के बाद परिजनों के साथ न जाकर अपने दोस्त के साथ चला गया था। पुलिस ने उसे तलाश किया और उसे परिजनों के सुपुर्द किया।