बागपत। एसपी अजय शंकर राय के निर्देश पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने खूब दौड़-भाग की। पुलिस ने वांछित चल रहे 286 में से 160 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें चार इनामी अपराधी भी शामिल हैं। एक अपराधी की कुर्की की गई।
जनपद में बढ़ते अपराधों को कंट्रोल करने के लिए एसपी ने फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों और लूट के आरोपियों का सत्यापन करने का अभियान 13 नवंबर से शुरू कराया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चार दिसंबर तक वांछित 286 अपराधियों में से 156 अपराधी पकड़े गए। इनके अलावा, ढाई हजार रुपये के इनामी संजीत ढिकौली, दो-दो हजार रुपये के इनामी सुबोध उर्फ काला, राजीव उर्फ राजू निवासी शाहपुर बड़ौली, अरविंद उत्तराखंड को पकड़ा गया। एक अपराधी के मकान की कुर्की की गई। छह वाहन चोर पकड़कर दो बाइक और दो स्कूटी बरामद की गईं। शराब की तस्करी के 42 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1518 लीटर शराब बरामद की गई।
जनपद के 381 हिस्ट्रीशीटरों में से 77 जेल में मिले। 106 लापता तथा 6 मृत मिले। इसी तरह, लूट के आरोपियों के सत्यापन के समय 396 में से 188 आरोपी अपने मकानों में मिले। 88 अपराधी जेल में हैं तथा छह मृत मिले। लूट के 81 आरोपी लापता मिले। 20 का पता गलत पाया गया।