ागपत के पक्काघाट स्थित यमुना खादर की जमीन पर काटे गए प्लाट
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। कब्रिस्तान में प्लॉट काटने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब यमुना खादर में प्लॉट काट दिए गए। पक्का घाट के पास यमुना खादर और दलितों के पट्टों की जमीन में प्लॉट काटने का आरोप लगाते हुए शिकायत डीएम के पास पहुंची है। जिसमें जांच शुरू करा दी गई है और प्राथमिक जांच में मामला सही मिलने पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है।
नई बस्ती केतीपुरा में कई साल पहले कब्रिस्तान की जमीन में प्लॉट काटकर सस्ते दाम में गरीब परिवारों को बेच दिए गए थे। जिसकी अब शिकायत होने पर प्लॉट काटने वाले माफिया गायब हो गए और वहां प्लॉट खरीदकर मकान बनाने वाले फंसे हुए हैं।
वहां कई के मकानों पर बुलडोजर तक पिछले सप्ताह चलाया गया है। इस तरह ही यमुना घाट के पास शत्रु संपत्ति के अलावा खादर और दलितों के पट्टे की जमीन है। जहां प्लॉट काटने की शिकायत डीएम के पास पहुंची है। प्लॉट काटकर केतीपुरा की तरह ही लोगों को बेचे जा रहे हैं। इसकी जांच कराई गई तो मामला सही निकला। जमीन को आवासीय कराने के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई और नक्शा तक मंजूर नहीं कराया गया। जिससे इस तरह की जगहों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।
--
लोगों के फंसने पर जागता है प्रशासन
इस तरह के मामलों में जब आम लोग फंस जाते हैं तो प्रशासन कार्रवाई के लिए जागता है। केतीपुरा में कब्रिस्तान में प्लॉट काटने के मामले में कुछ ऐसा ही हुआ। जहां प्लॉट काटकर लोगों को बेचने के दौरान शिकायत होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब कई साल बाद जब आम लोगों का पैसा चला गया तो कार्रवाई की जा रही है। यही आरोप लोगों ने प्रशासन पर लगाकर हंगामा किया था।
कोट...
यमुना खादर और दलितों के पट्टे की जमीन में जिसने भी प्लॉट काटे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। इसकी पूरी जांच कराई जा रही है और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी। - राजकमल यादव, डीएम