बड़ौत। ग्राम पंचायत फतेहपुर पुट्ठी ब्लॉक मुख्यालय से नौ किलोमीटर दूर स्थित है। अंग्रेजी शासनकाल मेें उनके खिलाफ मोर्चा खोलने को लेकर चर्चा में आए इस गांव में हाल ही में अनिता तोमर ग्राम प्रधान चुनी गई हैं। उनके मुताबिक गांव के विकास का खाका तैयार कर लिया है। जल्द ही ग्रामीणों को प्रमुख समस्याओं से निजात मिल सकेगी। इससे गांव की तस्वीर जरूर बदलेगी।
गांव फतेहपुर पुट्ठी की आबादी 3025 है। गांव में तीन प्राथमिक विद्यालय, एक जूनियर हाईस्कूल, एक कन्या हाईस्कूल, एक निजी महाविद्यालय तथा गांव के चारों ओर मंदिर स्थित हैं। इनके अतिरिक्त गांव में आयुष्मान भारत उपकेंद्र, कैनरा बैंक शाखा और डाकघर भी हैं। इसके बावजूद गांव में जलभराव, बदहाल मार्गों पर आवागमन में परेशानी, कोरोना संक्रमण के चलते आए दिन मौत होना आदि समस्याएं हैं।
गांव में खुशहाली लाएं
ग्रामीण धर्मपाल का कहना है कि गांव मेें सफाई की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। मुख्य रास्ते पर गंदगी रहती है। पात्रों को सरकारी सुविधाएं मिलें। ग्राम प्रधान गांव में खुशहाली लेकर आएं।
आवास व शौचालय की सुविधा मिले
मनोज का कहना है कि पात्रों को शौचालय व आवास की सुविधा बैगर भेदभाव के मिलनी चाहिए। गांव में बंदरों और आवारा पशुओं की समस्या बहुत है। इनसे छुटकारा दिलाया जाए।
गरीबों पर ध्यान दिया जाए
मंजू का कहना है कि कई जरूरतमंदों को आज तक आवास व शौचालय का लाभ नहीं मिला है। नए ग्राम प्रधान से उम्मीद है कि वे गरीबों पर ध्यान देंगी। गांव का चहुंमुखी विकास करेंगी।
समस्याओं से छुटकारा दिलाएं
ओमप्रकाश कश्यप का कहना है कि मुख्य मार्ग पर कीचड़ व पानी भरा रहता है। इससे निजात दिलाएं। प्रधान गांव में बरातघर बनवाएं। जिससे गरीब आदमी की बेटी की बारात वहां रुक सकें।
ये हैं गांव की समस्या
-आवारा पशु ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।
-गांव में काफी बंदर हैं, वे घरेेलू सामान व फसलों को बर्बाद कर रहे हैं।
-गांव के कश्यप मोहल्ले में जलभराव व गांव के अंदर सड़कें टूटी हुई हैं।
-प्राथमिक विद्यालय की दीवार काफी दिन से टूटी है।
-गांव में कई मौत के बावजूद सैनिटाइजेशन नहीं कराया गया है।
-गांव के हैंडपंपों का पानी खारा हो चुका है और तालाबों पर अतिक्रमण है।
ये हैं नवनियुक्त प्रधान की विकास योजनाएं
कक्षा 12वीं पास ग्राम प्रधान अनिता तोमर ने बताया कि उनका मकसद गांव का चहुंमुखी विकास करना है।
तालाब की खुदाई करानी है, जिससे ग्रामीणों को जलभराव से मुक्ति मिले।
गांव के बाईपास का निर्माण, श्मशान घाट का सुंदरीकरण। कोरोना संक्रमण से ग्रामीणों को निजात दिलाना।
आपकी ग्राम पंचायत में कोई समस्या है तो ईमेल आईडी- bagpat@samvadnews.in अथवा मोबाइल 9897123531 पर कॉल करके सूचना दे सकते हैं।