बड़ौत। यदि आप एटीएम से पैसे निकालने जा रहे हैं तो सावधान हो जाएं, क्योंकि एटीएम बदलकर लोगों से ठगी करने वाला गिरोह नगर व क्षेत्र में सक्रिय है। हाल ही में लोगों के एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों की एक वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर रोजाना पहुंच रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग हरकत में आ गया है। उन्होंने गिरोह के सदस्याओं की धरपकड़ शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व फोटो नगर के एक एटीएम का है। वीडियो में पहले एक युवक एटीएम में घुसता है और किसी ग्राहक का इंतजार करता है। जैसे ही एक महिला एटीएम में घुसती है तो वह पैसे निकलाने की एक्टिंग करता है, फिर महिला भी उससे पैसे निकालने को कहती है। इस पर युवक महिला का एटीएम लेता है और एटीएम मशीन में डालकर महिला से पासवर्ड डालने को कहते है। जिस समय महिला अपना पासवर्ड डाल रही होती है, उस दौरान युवक महिला का पासवर्ड देख लेता है। इस दौरान एक अन्य युवक भी एटीएम में घुस जाता है और महिला का ध्यान भटक कर उसका एटीएम बदल लेता है। बाद में महिला चली जाती है।
पैसे निकलने की कोतवाली पर रोजाना पहुंच रही पांच-छह शिकायत
- एटीएम से पैसे निकालने की कोतवाली पर रोजाना पांच से छह शिकायतें पहुंच रही हैं। जिसको लेकर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गयी है। इंस्पेक्टर अजय शर्मा ने बताया कि बढ़ी शिकायतों को देखते हुए पुलिस कर्मियों को सादी वर्दी में लगाया गया है, ताकि वायरल वीडियो व फोटो मेें दिखने वाले युवक को पुलिस रंगे हाथों पकड़ सके।
ये बरते सावधानियां -----
1- पैसे निकालते समय एटीएम में किसी दूसरे व्यक्ति को न घुसने दें।
2-एटीएम मशीन में कार्ड डालते समय पासवर्ड किसी को न बताएं।
3-अपरिचित व्यक्ति को कार्ड देकर पैसे निकलवाने के लिए न कहें।
4- ठगी होने पर तुरंत संबंधित बैंक से शिकायत करें।