- बागपत-मेरठ नेशनल हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर चल रहा खेल
- बसौद गांव के युवकों ने जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की
फोटो 9
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर बसौद गांव निवासी राशिद ने बाइक में 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया। शक होने पर उसने पंप पर ही वीडियो बनाकर बाइक की टंकी से पेट्रोल निकाला तो वह केवल 40 रुपये का निकला। इस पर युवकों ने पंप पर हंगामा कर दिया और जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
बसौद गांव निवासी राशिद ने बताया कि मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर स्थित पंप से अपनी बाइक में कई बार पेट्रोल डलवा चुका है। पिछले तीन बार में बाइक में कम पेट्रोल डाला जाने का शक हुआ। सोमवार को उसने पंप पर पहुंचकर सेल्समैन से बाइक की टंकी में 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया। बताया कि पंप की मशीन की शुरुआत एक रुपये की जगह 40 रुपये से हुई।
इस पर उसे कम पेट्रोल डाला जाने का शक हुआ तो बाइक वहीं पर खड़ी कर दी। एक बोतल लाकर सेल्समैन के सामने टंकी से पेट्रोल निकाला तो वह आधा लीटर भी नहीं निकला। इसकी मोबाइल से वीडियो भी बनाई गई।
आरोप लगाया कि कम पेट्रोल निकलने की शिकायत सेल्समैन से की तो सेल्समैन अपने कार्यालय से पेट्रोल मापने के लिए एक यंत्र लेकर आया, जिसमें पहले से पानी भरा गया था। बोतल का पेट्रोल माप यंत्र में डालने के बाद भी एक लीटर नहीं हुआ। इसको लेकर पंप पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
मैनेजर बोला, सौ की जगह 200 रुपये लेकर चले जाओ
राशिद ने बताया कि सेल्समैन ने पहले तो खुद ही शाम को आकर मिलने की बात कही और शिकायत न करने की मिन्नत करने लगा। इसके बाद मैनेजर से फोन पर बात कराई तो मैनेजर ने 200 रुपये लेकर जाने के लिए कहा। बताया कि मैनेजर ने कम पेट्रोल डालने वाले सेल्समैन को हटाकर घर भेजने और दूसरा सेल्समैन तैनात करने की भी बात कही। जिसकी ऑडियो रिकार्डिंग भी अफसरों को भेजी।
वर्जन-पंप से कम तेल देने की शिकायत मिली है। इसकी जांच के लिए समिति गठित की जाएगी। समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - अनूप तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी