बड़ौत के गुराना गांव में पेट्रोल पंप पर लूट के बाद जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के अमीनगर सराय मार्ग पर रविवार की सुबह रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष के पेट्रोल पंप पर दो बाइक सवार चार सशस्त्र बदमाशों ने सेल्समैनों से मारपीट कर हजारों की नगदी लूट ली। लूट की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नाकेबंदी किए जाने के बाद भी बदमाश भाग निकले।
रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल का गुराना गांव के नजदीक पेट्रोल पंप है। रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे पेट्रोल पंप पर सेल्समैन सुमित और अक्षय निवासी बड़ावद मौजूद थे। तभी दो बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और दोनों सेल्समैन पर तमंचे तान दिए। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर छह हजार रुपये लूट लिए और बड़ौत की ओर भाग निकले।
दिनदहाडे़ लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इस संबंध में सेल्समैन सुमित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि जब दिन में लोग सुरक्षित नहीं है तो रात में कैसे सुरक्षित रहेंगे।