बड़ौत में मोहननगर कालोनी में हुई हत्या के बाद घायल से सीएचसी पर पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। मोहन नगर कॉलोनी में मंगलवार की रात शराब पीने के बाद हुए झगड़े में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पीड़ित पक्ष ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
छपरौली थाना क्षेत्र के शेरपुर लुहारा गांव निवासी श्यामवीर (52) एक साल से बड़ौत के मोहन नगर कॉलोनी में अपनी बहन श्यामबीरी के घर पर रह रहा था। मंगलवार की रात श्यामवीर और कॉलोनी के ही जोनिस पुत्र नत्थू के बीच शराब पीने के दौरान कहासुनी और मारपीट हो गई। दोनों ने एकदूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि शोर शराबा सुनकर जोनिस पक्ष के लोग आ गए और श्यामवीर को घेर लिया। उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। झगड़े में विपक्षी जोनिस भी घायल हुआ, पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मृतक के भाई सोमवीर ने जोनिस और मोनू पुत्रगण नत्थू और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।
शराब की बिक्री शुरू होते ही झगड़े शुरू
बड़ौत। लॉकडाउन में शराब की बिक्री पर लगी पाबंदी हटने के बाद इसके दुष्परिणाम भी सामने आने लगे हैं। मोहन नगर कॉलोनी की वारदात भी इसी के परिणाम स्वरूप हुई। श्यामवीर और जोनिस ने पहले एकसाथ बैठकर शराब पी। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। लोगों के मुताबिक दोनों शराब के नशे में इतने धुत थे कि पहले खुद ही एकदूसरे पर चाकू से वार किया। बाद में एक पक्ष के लोगों की भीड़ एकत्र हुई तो विवाद और गहरा हो गया।