बड़ौत तहसील में आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करती महिलाएं।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। सात गांवों की महिलाओं ने आपूर्ति कार्यालय में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि वे पात्र है, लेकिन इसके बावजूद विभागीय अफसरों ने उन्हें अपात्र दर्शाकर राशन कार्ड से उनका नाम काट दिया है। उन्होंने राशन कार्ड बनवाने की मांग की।
बावली, महावतपुर, जौनमाना, चौबली, मलकपुर, जागोस व कोताना गांव से आई महिलाओं ने बताया कि पात्र होने के बावजूद उनके राशन कार्ड नहीं बन सके है। ग्राम सचिव से पात्र होने की रिपोर्ट लगवाकर आपूर्ति विभाग कार्यालय में फार्म भी जमा कर रखा है, लेकिन राशन कार्ड नहीं बन सका है। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान न होने पर तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विकास कुमार का कहना है कि जिन कार्ड धारकों को शिकायत है, वह कार्यालय पर आकर मुझसे मिले। पात्र लोगों को यदि राशन डीलर राशन नहीं देता, तो जांच कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वाली महिलाआें में विद्यावती, बबीता, राजकली, भवरकली, जुबेदा, मूर्ति, सफिकन, रेशमा, इमराना शामिल रही।