बागपत। लोग बीमारियों से जूझ रहे हैं और चिकित्सक फिर भी घंटों देरी से अस्पताल पहुंच रहे हैं। बुधवार को तीन दिन के अवकाश के बाद भी चिकित्सक ओपीडी में समय से नहीं पहुंचे। मरीज और तीमारदार ओपीडी कक्ष के बाहर चिकित्सकों का इंतजार करते रहे, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों के पहुंचने का समय आठ बजे है, लेकिन बुधवार को नौ बजे तक फिजिशियन, सर्जन और महिला रोग विशेषज्ञ के कक्ष खाली पड़े हुए थे। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र कक्ष पर ताला लटका हुआ था तो कुछ कर्मचारियों के कक्ष खुले होने के बावजूद वहां कोई मौजूद नहीं मिला। चिकित्सकों के कक्ष के बाहर मरीज व तीमारदार घंटों तक बैठे रहे। उन्होंने चिकित्सकों के बारे में जानकारी की, लेकिन वहां उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका।
-बुखार होने के कारण बुधवार को जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए आया था, मगर चिकित्सक नौ बजे के बाद पहुंचे। इसके बाद जांच कराकर दवाई ली। -विशु, नयागांव
-नाक और मूंह से खून आ रहा है। जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए आया था, मगर चिकित्सक के न आने के कारण कक्ष के बाहर इंतजर करना पड़ा। - राकेश जैन, बागपत
-जिला अस्पताल में बुधवार को चिकित्सक नौ बजे के बाद ओपीडी कक्ष में पहुंचे, चिकित्सक के देरी से आने के कारण एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। - शकुंतला, बड़ौत
-महिला अस्पताल में अपनी जांच कराने के लिए आई थी। जल्दी जांच कराने के लिए सुबह आठ बजे अस्पताल पहुंच गई थी, मगर महिला चिकित्सक नौ बजे पहुंची। - सुनीता वर्मा, बड़ौत
चिकित्सक पहले राउंड पर जाते हैं और फिर ओपीडी करते हैं। चिकित्सकों के देरी से आने की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी। डॉ़ एसके चौधरी, सीएमएस जिला अस्पताल
-