अमीनगर सराय के पीएनबी बैंक के बाहर लोगो पर लाठीचार्ज करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
बागपत। फतेहपुर के बाद अब बागपत में बैंक से रुपये निकालने पहुंचे लोगों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। बुधवार को अमीनगर सराय के पीएनबी में एंट्री को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। यहां होमगार्ड और पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां बरसा दी, जिससे हंगामा हो गया। लोगों की पुलिस से हाथापाई तक हुई। एसपी अजय शंकर राय ने सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष रणवीर सिंह यादव को लाइन हाजिर और दारोगा राकेश यादव को सस्पेंड कर दिया है। मारपीट करने के आरोपी दो होमगार्ड के खिलाफ कमांडेट को पत्र लिखा गया है।
अमीनगर सराय के पंजाब नेशनल बैंक में बैंक खुलने से पहले ही लोगों की लंबी लाइन लग गई थी। करीब पौने दस बजे बैंक का गेट खुलते ही भीड़ बैंक के अंदर घुसने लगी। अफरा तफरी में तितरौदा गांव की महिला शमशीदा जमीन पर गिर गई। लोगों को समझाने के बजाए उन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भीड़ पर लाठियां बरसा दी। इसमें पूठड़ गांव निवासी युवक सोनू और सिंघावली अहीर निवासी प्रदीप घायल हो गए। इस पर लोग भड़क गए। उनकी पुलिस से पहले नोकझोंक हुई। बाद में हाथापाई हुई।
बाद में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया। उधर, पुलिस की बर्बरता का विडियो भी वायरल हो गया। जिला मुख्यालय पर जैसे ही मामले की शिकायत पहुंची तो अफसर हरकत में आ गए। एसपी अजय शंकर राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणवीर सिंह यादव को लाइन हाजिर, बैंक ड्यूटी में तैनात एसआई राकेश कुमार यादव को सस्पेंड कर दिया तथा होमगार्ड सत्यवीर और अनिल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कमांडेट होमगार्ड को पत्र लिखा है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। उधर, पुसार के केनरा बैंक में भी हंगामा हुआ।