संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। गाधी गांव के लोग बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में पहुंचे। उन्होंने नाले की चौड़ाई बढ़ाने के लिए लोगों के घरों के सामने बने चबूतरों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
गांव के कैलाश, प्रदीप, जयपाल, कुलदीप व पवन आदि ने बताया कि गली दस फीट चौड़ी है। अब नाले की चौड़ाई चार फीट की जा रही है और इससे गली की चौड़ाई काफी कम हो जाएगी। लोगाें के घरों के चबूतरे तक तोड़े जा रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि कोई विरोध करता है तो उनके साथ अभद्रता कर धमकी दी जा रही है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने डीएम अस्मिता लाल से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कैलाश, प्रवेश कुमार, शुभम, मीनाक्षी, अनीता आदि मौजूद रहे।