खेकड़ा (बागपत)। गांव हरचंदपुर में शनिवार को कोविड वैक्सीनेशन लगाने गई टीम का मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम को बिना वैक्सीनेशन किए ही लौटना पड़ा। रविवार को प्रशासन की टीम गांव पहुंचेगी और ग्रामीणों से बात करेगी।
कोरोना संक्रमण के कारण देश भर में जहां जांच वैक्सीन की मांग बढ़ती जा रही है, वही खेकड़ा क्षेत्र के गांव हरचंदपुर में कोविड जांच और वैक्सीनेशन का विरोध किया जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कोविड की जांच और वैक्सीनेशन के लिए पहुंची। मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने टीम का विरोध करते हुए कहा कि उनके गांव में सभी स्वस्थ है, इसलिए कोविड की जांच कराने और वैक्सीन लगवाने की किसी को जरूरत नहीं है। ग्रामीणों ने टीम को गांव से वापस जाने को कह दिया। इसकी सूचना पर खेकड़ा सीएचसी अधीक्षक डा. ताहिर मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। मगर, ग्रामीण नहीं माने। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम को बिना वैक्सीनेशन किए ही लौटना पड़ा। इसके अलावा क्षेत्र के एक दर्जन गांव मवीकलां, काठा, मुबारिकपुर, ललियाना, गढीकलंजरी, फखरपुर, फिरोजपुर, खैला, सैदपुर, महरमपुर, मुबारिकपुर आदि में ग्रामीणों ने उत्साह पूर्वक वैक्सीन लगवाई।
वैक्सीन लगवाने से आता है बुखार, इसलिए नहीं लगवाएंगे
सीएचसी अधीक्षक डा. ताहिर ने बताया कि हरचंदपुर गांव में एएनएम सुमन गोस्वामी और एएनएम अनीता कोविड वैक्सीनेशन के लिए गई थी। इंतजार के बाद भी कैंप में टीका लगवाने कोई नहीं आया। आशा और आंगनबाड़ी भी बुलाने गई। मगर, ग्रामीण वैक्सीन लगवाने नहीं आए। ग्रामीण बोल रहे थे कि वैक्सीन लगाने से बुखार आता है, वह वैक्सीन नही लगवाएंगे। ग्रामीणों के राजी न होने के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। रविवार को कई उच्चाधिकारी ग्रामीणों से बात कर उनकी शंका का समाधान करेंगे।