- तीन महिलाओं समेत चार युवक घायल, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। इदरीशपुर गांव में चढ़त के दौरान डीजे बजाने को लेकर दूसरे वर्ग के लोगों ने अनुसूचित जाति के लोगों के साथ मारपीट कर दी। जिसमें बीच-बचाव कर रही तीन महिलाओं समेत चार युवक घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इदरीशपुर गांव के रहने वाले अनुसूचित जाति के बिजेंद्र की बेटी की बरात आई हुई थी। चढ़त के दौरान गली में डीजे बजाया जा रहा था। डीजे बजाने काे लेकर दूसरे वर्ग के युवकों ने बरातियों के साथ मारपीट कर दी, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। मारपीट करने का आरोप गांव के ही माेहम्मद पुत्र सुप्पा पर लगा। इस दौरान डीजे बंद हो गया। घटना की जानकारी पर पीआरवी मौके पर पहुंची तो झगड़ा शांत हो गया।
कुछ ही देर बाद इसी बात को लेकर दोबारा झगड़ा हो गया। आरोप है कि साजिद ने अपने बेटे आसिफ उर्फ मुंढा और सोनू के साथ धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव कर रही कृष्णा देवी पत्नी ब्रहमसिंह, कृष्णा देवी पत्नी सुखबीर, बाला पत्नी कृष्णपाल, अक्षय पुत्र भारत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियाें ने अक्षय को अपने घर में खींचकर धारदार हथियार से हमला किया।
अक्षय किसी तरह आरोपियों से छूटकर उनके घर से बाहर आ गया। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए सरेआम धमकी दी कि जो भी सामने आए उसको मार देंगे, जिसके बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल उत्पन्न हाे गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों का उपचार कराया।
वर्जन- पुलिस इंस्पेक्टर का कहना है कि मिंटू की तहरीर पर मोहम्मद, साजिद, आसिफ उर्फ मुंढा व सोनू निवासी इदरीशपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है