बागपत। भीषण गर्मी के चलते जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अघोषित बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऊर्जा निगम को रोजाना 30 से अधिक शिकायतें मिल रही हैं, जो बिगड़ते हालात को दर्शाती हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली का लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर जवाब देने लगे हैं। हर आधे घंटे में लंबे समय तक के लिए अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। जिलेभर में रोजाना तीन से चार ट्रांसफार्मरों में फाल्ट हो रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। इसके अलावा, बिजली लाइनों में भी फाल्ट की संख्या में वृद्धि हुई है। इन लगातार कटौतियों से गुस्साए लोग अब बिजलीघरों पर हंगामा करने लगे हैं। जिला मुख्यालय पर जहां 24 घंटे में केवल 17-18 घंटे बिजली मिल रही है, वहीं देहात क्षेत्रों में यह आपूर्ति घटकर 12-14 घंटे रह गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। ऊर्जा निगम के ऑनलाइन पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शिकायतों का अंबार लगा है। उधर, बार-बार बिजली गुल होने से लोगों में रोष
-24 घंटे में बिजली आपूर्ति ठप होने पर भड़के लोग
शहर के केतीपुरा मोहल्ला निवासी शरीफ, अब्दुल आदि बुधवार रात खत्ता रोड स्थित बिजलीघर पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि मंगलवार शाम को ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम पर चार बार शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर ऊर्जा निगम ने जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया था। हालांकि, 24 घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इस दौरान उन्हें 24 घंटे में केवल डेढ़ घंटे ही बिजली मिल पाई। देर रात तक चले हंगामे के बाद ऊर्जा निगम के कर्मियों ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने की व्यवस्था की। इसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
-
गांवों में भी बढ़ रही समस्या
बिजली कटौती से बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, अमीनगर सराय के अलावा नयागांव, पाबला, दुड़भा, अहैड़ा, चमरावल, चांदीनगर, ढिकौली, बालैनी, सरूरपुरकलां, नैथला, निनाना समेत जिलेभर में समस्या बढ़ रही है।
-
रात में कट लगने से उड़ रही नींद
गौरीपुर जवाहरनगर गांव निवासी सतेंद्र, आकाश आदि ने बताया कि गर्मी में बिजली के बार-बार कट लग रहे हैं। दिनभर खेतों में काम करने के बाद रात में चैन से सो भी नहीं पा रहे। उन्होंने बताया कि दिन में 5-6 कट लग रहे हैं और रात में भी यही हाल है। रात में बिजली लाइन में बार-बार कट लगने से नींद भी उड़ जाती है।
-
-गर्मी के साथ बिजली ने भी परेशानी बढ़ा दी है। बार-बार बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को उठानी पड़ रही है। -शरीफ, केतीपुरा मोहल्ला
-दिन में कई बार बिजली के कट लगने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठीक कराई जाए, जिससे लोगों को सुविधा मिले। -कन्हैया गुप्ता, कोर्ट रोड
वर्जन-
गर्मी का सीजन है, जिससे ट्रांसफार्मरों में फाल्ट बढ़ गए हैं। रोजाना 3 से 4 ट्रांसफार्मरों में फाल्ट हो रहे हैं, जिनकी जगह दूसरे ट्रांसफार्मर रखवाकर आपूर्ति शुरू कराई जा रही है। -जगदीश चंद्र यादव, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम