बड़ौत। जिले में कोरोना संक्रमण का हाइपोक्सिया स्तर जानलेवा साबित हो रहा है। आक्सीजन लेवल कम होने पर तत्काल आक्सीजन न मिलने से कई मरीज जान गवां रहे है। संक्रमण के अलावा भी नान कोविड मरीज हाइपोक्सिया के जद में आ रहे हैं। संक्रमित मरीज हर दिन अपने शरीर का ऑक्सीजन स्तर जांचते रहें।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि कोरोना के ऐसे मरीज जिनमें संक्रमण के मामूली लक्षण होते हैं या नहीं भी होते, उनमें ऑक्सीजन का स्तर लगातार गिर रहा है। ऑक्सीजन का स्तर 70 से 80 फीसद से नीचे जाने पर भी कोविड की इस स्थिति का पता नहीं चलता। शरीर में कार्बन डाई ऑक्साइड का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में शरीर के कई महत्वपूर्ण अंग काम करना बंद कर देते हैं। एक सामान्य व्यक्ति का ऑक्सीजन स्तर 95 से 100 फीसद के बीच होता है।