जिला अस्पताल में एक्सरे कराने के लिए मरीजों को घंटों करना पड़ता है इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला अस्पताल में एक्सरे की डिजिटल मशीन शुरू न होने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्सरे कराने के लिए आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शासन स्तर से लगभग चार माह पूर्व डिजिटल एक्सरे मशीन भिजवाई गई थी। मशीन उपलब्ध हो गई, मगर चार माह बीतने के बाद भी प्रिंटर नहीं मिल पाया है। इसके अभाव में मशीन शुरू नहीं हो पाई है। मशीन शुरू न होने से अस्पताल में एक्सरे कराने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। जिससे मरीज और उनके तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ाता है।
एक्सरे के लिए घंटो करना पड़ता है इंतजार
अलवालपुर से आई हेमलता का कहना था कि चिकित्सक ने उसे एक्सरे कराने के लिए भेजा है। वह डेढ़ घंटे से एक्सरे कराने के लिए परेशान है।
पुत्र का नही किया जा रहा एक्सरे
बागपत के पुराना कस्बा निवासी इदरीश का कहना है कि वह अपने पुत्र अशरफ का एक्सरे कराने आया है। दो घंटे से अपने नंबर का इंतजार कर रहा है।
डेढ़ घंटे से इंतजार कर रहे
इदरीशपुर से आए जगमाल ने बताया कि उसके हाथ में फ्रेक्चर आ गया था। वह बुधवार को जिला अस्पताल में एक्सरे कराने आया है, मगर नंबर का इंतजार कर रहा है।
देरी होने से परेशानी बढ़ रही
बागपत की ताहिरा का कहना है कि उसके पैर में दर्द रहता है, चिकित्सक ने उसे एक्सरे कराने की सलाह दी है। देरी होने के कारण उसे परेशानी बढ़ रही है।
वर्जन
जिला अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन इंस्टॉल कराई जा चुकी है, प्रिंटर न मिलने के कारण मशीन शुरू नहीं हो पाई है। शासन को प्रिंटर की डिमांड भेजी जा चुकी है, प्रिंटर मिलने पर मशीन को शुरू कराया जाएगा।-डॉ. एसके चौधरी, सीएमएस