बागपत। दिल्ली से शामली जा रही ट्रेन में मंगलवार रात सीट पर बैठने को लेकर सूजरा और आसपास के गांवों के युवकों का कविंद्र निवासी नाला जिला शामली के साथ विवाद हो गया। सूजरा रेलवे हाल्ट पर पहुंचकर युवकों ने कविंद्र को ट्रेन से नीचे उतारकर हमला कर दिया और धमकी देते हुए भाग गए। घायल कविंद्र का लोगों ने जिला अस्पताल में उपचार कराया।
शामली जिले के नाला गांव में रहने वाले कविंद्र ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है। मंगलवार रात दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर गांव लौट रहा था। रास्ते में 10-12 युवक ट्रेन में चढ़ गए, जो उसे सीट से जबरदस्ती उठाकर खुद बैठने लगे। आरोप लगाया कि सीट से खड़ा नहीं होने पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज भी की और सूजरा आने पर भुगत लेने की धमकी दी। इसको लेकर ट्रेन में हंगामा हो गया तो अन्य यात्रियों ने किसी तरह बीच बचाव कराकर शांत करा दिया।
आरोप लगाया कि सूजरा रेलवे हाल्ट पर पहुंचते ही युवकों ने उसे खींचकर ट्रेन से नीचे उतारकर ईंटों और लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। घायल कविंद्र के बेहोश होने पर हमलावर वहां से भाग गए। लोगों ने जिला अस्पताल में घायल युवक का उपचार कराया। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।
जीआरपी पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। संवाद