पंचायत मतदाता सूचियों में दावे-आपत्तियों की भरमार
- हजारों की संख्या में आए फार्मो को देख अफसर चिंतित
बड़ौत। पंचायत चुनाव के लिए तैयार की गई प्रस्तावित मतदाता सूचियों पर दावे-आपत्तियां की भरमार लग गई है। हजारों की संख्या में आए फार्मों को देख अफसरों के पेशानी पर बल पड़ गए हैं। निस्तारण के लिए महज चार दिन यानी 11 जनवरी तक का समय है। जबकि दावे और आपत्तियों के ढेर लगने से सभी फार्मों पर जांच करना आसान काम नहीं होगा।
गत 27 दिसंबर को प्रस्तावित मतदाता सूची जारी की गई। सूचियों पर लोगों को 28 दिसंबर से 3 जनवरी तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया। छूटे नाम दर्ज कराने या गलत नामों को कटवाने के लिए तहसील क्षेत्रों में महज हफ्ते भर में लोगों ने चार हजार से ज्यादा फार्म भर डाले। इन सबका 11 जनवरी तक निस्तारण कर 22 को फाइनल सूची प्रकाशित की जानी है। एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा में ही हर हाल में कार्य पूरा करना है। सभी दावे-आपत्तियों पर गंभीरता से जांच करने को कहा गया है। निर्देश दिए गए हैं कि किसी वैद्य मतदाता का नाम हरगिज नहीं कटना चाहिए।
ब्लाकवार आए दावे-आपत्त्तियां--
ब्लाक का नाम संख्या
बिनौली 1517
छपरौली 1302
बड़ौत 1367
जांच करने में लगी है 35 कर्मचारियों की डयूटी
बड़ौत। जांच के लिए 35 कर्मचारियों को लगाया गया है। अब देखना यह है कि शेष बचे चार दिनों में क्या कर्मचारी सभी फार्मो की जांच कर पाएगें।