सपा नेता के साथ कोतवाली में तहरीर देने जाते मुगलपुरा के लोग।
- फोटो : amar ujala
बागपत में रुपये के लेनदेन के विवाद में शहर के मुगलपुरा मोहल्ले में मंगलवार की रात में आयोजित पंचायत में बवाल हुआ। पंचायत में शामिल सपा नेता डॉ. रियासत अली और बसपा नेता इमरान के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। रियासत पक्ष ने तो फायरिंग करने का भी आरोप लगाया। इस मामले में सपा-बसपा के नेता समेत 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। बसपा नेता समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।
बागपत के मुगलपुरा मोहल्ले के दो युवकों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार को उनके बीच मारपीट हो गई थी। इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई थी। मंगलवार को देर रात इस मामले में मुगलपुरा मोहल्ले में मस्जिद के पास पंचायत हुई। इस दौरान वहां सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष डॉ. रियासत अली और बसपा की जिला कमेटी के पूर्व सदस्य इमरान आमने-सामने आ गए। उनके बीच संघर्ष हुआ।
डॉ. रियासत अली ने आरोप लगाया इमरान, शमशाद, ताहिर, इंतजार जाकिर, नौशाद, इंसाद समेत दो अज्ञात लोगों ने उन पर और उसके भाई सलमान, चांद मोहम्मद, मां शमीना पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने फायरिंग भी की। उनकी तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई। दूसरी ओर जाहिद ने आरोप लगाया पंचायत में सपा नेता डॉ. रियासत, उनके भाई शराफत, आशू, मतलूब और समीना ने मिलकर हमला कर दिया।
इसमें वह स्वयं, कादिर, जाहिद, असगरी घायल हो गई। उसकी तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस ने आरोपी बसपा नेता इमरान और जाकिर को पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा पंचायत में झगड़ा हुआ था। इस मामले में इमरान और जाकिर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा।