अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। पुराना कस्बे में हुई पंचायत में युवती, प्रेमी संग निकाह करने की जिद पर अड़ गई। चेतावनी दी कि यदि निकाह नहीं हुआ तो जहर पीकर जान दे देगी। आखिरकार परिजन उसकी जिद के आगे झुक गए। मंगलवार शाम उन दोनों का जिम्मेदार लोगों ने निकाह कराते हुए सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
बागपत के पुराना कस्बा निवासी युवक का सिसाना गांव की युवती से पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इससे नाखुश थे। उन लोगों ने युवती के मिलने पर रोक लगा दी थी। दो दिन पूर्व रात को युवक का दोस्त निकाह करने के बहाने युवती को घर से मेरठ ले गया था। वहां पर उसको एक कमरे में रखा। पता चलने पर युवती के परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। उसका बाद में पता चला। युवती को पुराना कस्बे में लाया गया। सोमवार देर शाम कस्बे में पंचायत हुई। पंचायत में युवती ने कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ ही निकाह करेंगी, यदि किसी ने जुदा करने का प्रयास किया तो जहर पीकर आत्महत्या कर लेगी। मंगलवार को दोनों ही परिवार के लोग कस्बे में इकट्ठे हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में उनके बीच सहमति हो गई। युवती का युवक के साथ निकाह कराया गया। हल्का इंचार्ज एसआई बाजीलाल भास्कर का कहना है कि दोनों परिवार की रजामंदी से युवती का युवक के साथ निकाह हो गया है।