तहसील दिवस में समस्याएं सुनते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। डीएम भवानी सिह खंगारौत ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष और प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। पारदर्शिता के साथ विभागीय अधिकारी कार्य करें, जिससे आम जनता को न्याय मिले। उन्होंने गैरहाजिर अफसरों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश एसडीएम बागपत को दिए।
बागपत तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में डीएम भवानी सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि गांव में चकरोड, नाली एवं ग्राम समाज की भूमि और तालाबों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। निर्विवाद विरासत अभिलेखों में दर्ज कराना सुनिश्चित किया जाए। लेखपाल राजस्व संबंधी कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जल निगम गर्मी के मौसम को देखते हुए सुनिश्चित करें कि कोई हैंडपंप खराब न हो और सभी संचालित रहें। एंटी लारवा का स्प्रे सभी ग्राम पंचायतों में कराया जा चुका है।
लेखपालों को निर्देश दिए कि खाद के गड्ढों की पैमाइश कराकर उनका चिन्हांकन कर लें। यह सुनिश्चित किया जाए कि चकरोड अतिक्रमण मुक्त हो, तालाबों पर अतिक्रमण न होने पाए। उधर, तहसील दिवस से गैरहाजिर रहे एआरटीओ, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला खनन अधिकारी, सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड मेरठ/बागपत को तहसील दिवस में अनुपस्थित रहने के कारण एक दिन का वेतन काटे जाने एवं स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने के निर्देश उप जिलाधिकारी बागपत को दिए। तहसील दिवस में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एसपी अजय शंकर राय, सीडीओ हाकिम सिंह, एसडीएम बागपत मौजूद रहे।