बांदा में 44 वीं वाहिनी में एचसीपी के पद पर थे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली (बागपत)। पीएसी की 44 वी वाहिनी में एचसीपी के पद पर तैनात बिनौली निवासी सुरेशपाल विश्वकर्मा की बांदा में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। इससे परिवार के लोगों पर गम का पहाड़ टूट गया।
परिजनाें ने बताया बताया कि सुरेशपाल विश्वकर्मा (55) पीएसी की 44 वाहिनी बांदा में एचसीपी के पद पर तैनात थे। शनिवार की शाम ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी हालत बिगड़ गई। विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें बांदा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मां रामरती देवी, पत्नी दिनेश देवी, भाई मुकेश विश्वकर्मा, सुनील विश्वकर्मा, महेश विश्वकर्मा, रविकांत विश्वकर्मा, पुत्र अभिषेक, पुत्री काजल व आंचल का रोते रोते बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग कानपुर रवाना हो गए थे।