बड़ौत में 132 केवी बिजीघर पर वेतन कटौती के विरोध में धरना देते आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर। स्रोत
बडौत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित 132 केवी बिजलीघर पर सोमवार को ऊर्जा निगम में जिलेभर में तैनात आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों ने पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने कुछ कर्मियों को नौकरी से निकालने और अन्य के वेतन में कटौती पर विरोध जताया। अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर चार दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कंप्यूटर ऑपरेटरों कार्तिक, ललित का कहना है कि सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की बात कर रही है। लेकिन विभागीय अधिकारी इसके विपरीत कार्य कर रहे हैं। पिछले एक माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है, जिन कर्मचारियों को वेतन मिला है तो उसमें भी कटौती की गई है। कुछ कर्मचारियों को नौकरी से बाहर निकाला जा रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता केपी खान को ज्ञापन देकर चार दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं अधीक्षण अभियंता केपी खान का कहना है कि पहले तीन वर्गों में काम कर रहे ऑपरेटरों को अब एक ही वर्ग में लाया जा रहा है।
इससे कुछ का वेतन बढ़ा है तो कुछ का कम हुआ है। फिर भी उनकी मांगों को लेकर उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी। इस दौरान वेदपाल, अमित, जय, विकास, विक्रांत अभिषेक समेत अन्य मौजूद रहे।