- आठ दिसंबर को मकान में बन रहे पटाखों से दो मकानों में लग गई थी आग, पांच के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मोहल्ला मुगलपुरा में पटाखों से दो मकानों में आग लगने के मामले में एसपी सूरज कुमार राय ने चौकी प्रभारी विकास चौहान, बीट कांस्टेबल कपिल को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी को यहां से साइबर सेल थाना प्रभारी बनाकर भेजा गया और ब्रिजेश कुमार को कोतवाली प्रभारी बनाया गया।
शहर के मोहल्ला मुगलपुरा निवासी हनीफ और सोनू के मकानों में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे, जिनमें आठ दिसंबर की शाम आग लग गई। आग लगने से करीब आधा घंटे तक पटाखों में धमाका होता रहा ओर पूरे मोहल्ले में धुएं का गुब्बार फैल गया। आग की चपेट में आने से वसीम, फिरोज, तालिब और महिला शोएबा झुलस गए। पड़ोसियों ने सबमर्सिबल से पानी डालकर आग पर काबू पाया।
पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों ने दोनों मकानों से भारी मात्रा में पटाखे और पटाखे बनाने में प्रयोग होने वाली कच्ची सामग्री बरामद की। इसमें एसआई सारिक अली खान ने हनीफ और उसके बेटे वसीम, आसिफ, साहिल, जाकिर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। आबादी के बीच पटाखे बनाने के मामले में एसपी ने संज्ञान लेकर जांच बैठा दी। जांच में चौकी प्रभारी विकास चौहान, बीट सिपाही कपिल की लापरवाही उजागर हुई। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पुराना कस्बा चौकी प्रभारी विकास चौहान और बीट सिपाही कपिल को लाइन हाजिर कर दिया।