बच्चों में बढ़ रहा विंटर डायरिया का प्रकोप
बड़ौत (बागपत)। ठंड का कहर शुरू हो चुका है। बच्चें इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे है। ठंड से सर्दी, जुकाम और बुखार के साथ बच्चों में विंटर डायरिया और निमोनिया की शिकायत बढ़ने लगी है। आलम यह है कि सीएचसी पर प्रतिदिन 90 से 100 बच्चे आ रहे है।
एक सप्ताह से शीतलहर जारी है। स्कूल-कॉलेजों की छुट्टियां कर दी गई है। पूरे दिन धुंध छाने से ठिठुरन बढ़ी है। इसमें लापरवाही बरतने वाले ठंड के शिकार हो रहे है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि प्रतिदिन सीएचसी में 90 से 100 बच्चे बीमार हालत में आ रहे है। ठंड से बच्चों में विंटर डायरिया और निमोनिया की शिकायत बढ़ गई है। अब यदि निजी अस्पतालों की बात करें तो नगर में दो दर्जन से अधिक निजी अस्पताल है। उनमें भी प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे दिन अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी रहती है। डॉ. अमित राठी ने बताया कि सीएचसी पर आने वाली माताओं को बच्चों को हवाओं व सर्दी से बचाने के उपाए भी बताए जा रहे हैं।
शीत लहर से बचाव के उपाय
1-अनावश्यक घर से बाहर न निकलें।
2-गर्म कपड़े और सिर पर टोपी पहनें।
3-पौष्टिक और गर्म पेय पदार्थ लें।
4-शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें।