बागपत के निवाड़ा गांव में गैंगस्टर जुम्मा के घर पर कुर्क की कार्रवाई करवाते सीओ अनुज कुमार मिश्र
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। निवाड़ा गांव के दो गैंगस्टरों पर मंगलवार को शिकंजा कस दिया गया। वहां दोनों गैंगस्टरों के 22.11 लाख रुपये की कीमत के मकानों की कुर्की की गई। जहां गैंगस्टरों के परिजनों ने पुलिस टीम का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उनको शांत कर दिया।
सीओ अनुज मिश्रा मंगलवार को पुलिसबल के साथ निवाड़ा गांव पहुंचे। जहां जुम्मा पुत्र साबू की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की। जिसमें आबादी के बीच बना एक मकान कुर्क किया गया। जिसकी कीमत 19 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने गैंगस्टर तौहिद पुत्र असलूम के घर की कुर्की की। तौहिद के एक मकान को कुर्क किया, जिसकी कीमत दो लाख 91 हजार रुपये बताई जा रही है।
महिलाओं ने किया हंगामा, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा
निवाड़ा गांव में गैंगस्टर जुम्मा व तौहिद के मकानों की कुर्की के दौरान उनके परिवार की महिलाओं ने हंगामा किया। जिसके चलते वहां एकत्र हुई भीड़ को पुलिस ने खदेड़ दिया। जहां पुलिस ने दोनों मकानों से सामान भी निकलवाया और फिर सील लगाकर कुर्की की कार्रवाई का बोर्ड लगा दिया।
निसार हत्याकांड में जेल में बंद है दोनों गैंगस्टर
वर्ष 2020 में निवाड़ा गांव में प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर निसार की हत्या कर दी गई थी। जिसमें पुलिस ने तौहिद व जुम्मा समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तौहिद पर वर्ष 2015 में हुई हत्या का भी मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त जुम्मा पर लूट व निसार हत्याकांड को अंजाम देने समेत चार मुकदमे दर्ज हैं।
बागपत के निवाड़ा गांव में कुर्की की कार्रवाई के दौरान हंगामा कर रहे लोगों को समझाते पुलिसकर्मी- फोटो : BAGHPAT