बड़ौत। लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। ऐसे में उन युवाओं समेत अन्य लोगों के लिए अभी भी विकल्प खुला हुआ है जो मतदाता बनने से किसी न किसी कारण से वंचित हैं। ऐसे लोग ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता बन सकते हैं और चुनाव के दौरान अपने मनपसंद उम्मीदवार को मतदान कर सकते हैं।
एसडीएम अमर चंद वर्मा ने ऐसे लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके पास मतदाता बनने का अवसर है। कहा कि मतदाता जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और किसी न किसी कारण से अभी तक मतदाता नहीं बन सके हैं, तो उनके पास अभी भी मौका है और इसके लिए आयोग ने विकल्प भी खुले रखे हैं। यदि किसी को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना है तो वह फार्म छह भरकर वोटर बन सकता है। यदि किसी को नाम हटवाना है तो वह इसके लिए फार्म सात भरकर जमा करें।
इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन एप मोबाइल पर डाउनलोड कर भी मतदाता बन सकते हैं। कहा कि लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं, ऐसे में हमें भी अपने मताधिकार का मौका मिलेगा, तभी हम एक पारदर्शी और देश के विकास वाली सरकार तथा देश के सेवा करने वाले जनप्रतिनिधि का चयन कर पाएंगे। इसलिए अभी भी मतदाता बनने का आपके पास मौका है, इसे हाथ से न जाने दें।
ये बोले युवा-
- प्रधानी चुनाव से पहले मेरी 18 साल पूरी हो चुकी थी, मैं अपनी पसंद का प्रधान चुनना चाहता था, लेकिन किन्हीं कारणों की वजह से मेरी वोट नहीं बननी दी गई। इसकी शिकायत प्रशासन को की गई थी, फिर भी हल नहीं निकला, पर अब मैं खुश हूं, क्याेंकि अब निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर फिर से जिला प्रशासन वोट बनवा रहा है, मैं अपनी वोट बनवाउंगा और अपने मताधिकार का प्रयोग करूंगा। - निखिल शर्मा
- निर्वाचन आयोग के सीधे निर्देश थे कि बीएलओ घर-घर जाए और 18 साल पूरा कर चुके युवाओं समेत अन्य लोगों की वोट बनाई जाएं, लेकिन एक बार भी बीएलओ घर पर नहीं आया, जिस कारण वोट नहीं बन पाई, लेकिन अब मैं अपनी वोट बनवाउंगा। - राशिद
- 18 साल की उम्र पूरी किए तीन साल बीत चुके हैं, कई बार तहसील जाकर व बीएलओ से संपर्क कर वोट बनवाने का प्रयास किया गया, लेकिन न तो वोट बनी और न ही कोई समाधान निकला। लेकिन इस बार मैं अपने मताधिकार को लेकर जागरूक हूं, मुझे विकासशील व जनता के बीच रहने वाले प्रतिनिधि को अपनी वोट देकर चुनना है, इस बार मैं जरूर अपनी वोट बनवाउंगा। - रवि।