जिला पंचायत की जमीन पर ओपन जिम बनेगा
बागपत। ओपन जिम (पार्क) निर्माण में आ रही बाधा को जिला पंचायत ने दूर करा दिया है। 2748 वर्ग मीटर भूमि एसडीएम कार्यालय के पास स्वीकृति दी है। इस पर अब नगर पालिका परिषद पार्क को तैयार करेगी। यहां पर शौचालय, पेयजल, व्यायाम के लिए उपकरण स्थापित करेंगे, बच्चों के खेलने-कूदने के लिए झूले, योगा स्थल होगा, बैठने के लिए बेंच सहित अन्य व्यवस्था कराई जाएगी। इसका लाभ बागपत शहर के लोगों को मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय पर ओपन जिम (पार्क) स्थापित करने की घोषणा की थी। प्रशासन से शहरी क्षेत्र में ओपन जिम के लिए भूमि नहीं मिल रही थी। जो भी भूमि है वह सुरक्षित की दृष्टि में ठीक नहीं थी। इस वजह से योजना अधर में लटकी हुई थी। एसडीएम कार्यालय के पास डाक बंगले के नाम से अभिलेखों में दर्ज 2748 वर्ग मीटर भूमि जिला पंचायत की मिली। जिसको पार्क निर्माण की स्वीकृति देते हुए अभिलेख प्रशासन को भेज दिए हैं। अब नगर पालिका परिषद की ओर से यहां पर पार्क निर्माण की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि ओपन जिम के लिए जिला पंचायत से भूमि मिल गई है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी नईम अख्तर ने बताया कि नगर पालिका को ओपन जिम पार्क के लिए जमीन नहीं मिल रही थी। उच्चाधिकारियों ने जमीन उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे। जिसके बाद डाक बंगले के नाम अभिलेखों में दर्ज 2748 वर्ग मीटर भूमि एसडीएम बागपत को उपलब्ध कराई गई है। अब उनके स्तर से ही पार्क निर्माण के संबंधित कार्रवाई की जाएगी।
प्रस्ताव तैयार है, जल्द बनवाएंगे इस्टीमेट : ईओ
बागपत। नगर पालिका परिषद के ईओ ललित कुमार आर्य ने बताया कि ओपन जिम (पार्क) के लिए भूमि नहीं मिल थी। जिला पंचायत से भूमि की स्वीकृति हो गई है। पार्क का प्रस्ताव तो स्वीकृत हो गया है, अब बस इस्टीमेट तैयार कराया जाएगा। यहां पर शौचालय, पेयजल, व्यायाम के लिए उपकरण स्थापित करेंगे, बच्चों के खेलने-कूदने के लिए झूले, योगा स्थल होगा, बैठने के लिए बे्रंच सहित अन्य व्यवस्था कराई जाएगी।