बागपत। पिछले दो दिन से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम बिगड़ते ही जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में आने वाला प्रत्येक तीसरा आदमी खांसी-जुकाम से परेशान है। कोरोना वायरस के डर से खांसी-जुकाम होते ही लोग परेशान हो रहे हैं तथा तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार को दिन में हुई बारिश और फिर शनिवार सुबह तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई बरसात के बाद जिला अस्पताल व बागपत सीएचसी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में एक दिन में लगभग 1100 नए मरीज आ रहे हैं। इसके अलावा एक हजार से अधिक मरीज पुरानी पर्ची पर आ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन दो हजार से अधिक लोग इलाज के लिए आ रहे हैं। कुछ ऐसा ही हाल बागपत सीएचसी का है। यहा भी रोजाना पांच सौ नए मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। चिकित्सक डाक्टर जितेंद्र वर्मा का कहना है कि इलाज के लिए आने वाला हर तीसरा आदमी खांसी और जुकाम से पीड़ित है। मौसम में आए बदलाव के बाद जिला अस्पताल में मरीजों की अचानक संख्या बढ़ गई है। बागपत सीएचसी अधीक्षक डाक्टर विभाष राजपूत का कहना है कि मौसम में आए बदलाव के बाद अचानक मरीजों की संख्या बढ़ गई है। दो दिन पूर्व सीएचसी में लगभग दो सौ नए व तीन सौ पुराने मरीज इलाज के लिए आ रहे थे, मगर अब प्रतिदिन पांच सौ नए मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं।