Only two thousand antigen kits, now five hundred tests daily
- शुरूआत में की जा रही थी एक हजार जांच रोजाना
- जिले में अब तक 46 हजार से अधिक जांच हो चुकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। एंटीजन किट से जांच अब आधी कर दी गई है। पहले रोजाना किट से एक हजार जांच की जा रही थी, अब स्वास्थ्य विभाग ने संख्या पांच सौ कर दी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शुरूआत में तेजी से जांच की गई थी, अब स्थिति नियंत्रण में है, इसलिए जांच भी सीमित की जा रही है। विभाग के पास दो हजार किट हैं, जल्द ही किट मंगवाई जाएगी।
जिले में अब तक अधिक साढ़े 27 हजार जांच एंटीजन किट से कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिदिन पूर्व में एंटीजन किट से एक हजार से अधिक जांच कराई जा रही थी। मगर, अब लगभग पांच सौ से साढ़े पांच सौ जांच एंटीजन से कराई जा रही है। स्वास्थ विभाग के पास लगभग दो हजार एंटीजन किट शेष है, जिनसे अगले तीन दिनों तक कोरोना की जांच की जाएगी। पूर्व में किट की कमी होने पर जिले के नोडल अधिकारी सचिव ऊर्जा निगम एम देवराज एंटीजन किट समाप्त होने पर नाराजगी व्यक्त कर चुके है। नोडल अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अधिक से अधिक जांच कराने के लिए समय पर किट उपलब्ध कराने तथा एंटीजन के अभाव में आरटीपीसीआर से जांच कराने के निर्देश दिए थे। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि विभाग के पास लगभग दो हजार किट उपलब्ध है, जिससे तीन दिनों तक जांच कराई जा सकती है। किट समाप्त होने से पूर्व चिकित्सकों की टीम को किट उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस तरह हुई जांच
बागपत। कोरोना महामारी फैलने के बाद जिले में अब तक साढ़े 46 हजार लोगों की कोरोना की जांच हो चुकी है। इनमें से 614 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। मार्च से 30 जुलाई तक 46 हजार 720 लोगों की जांच कराई गई है। इनमें 18 हजार 431 जांच आरटीपीसीआर से तथा 638 जांच ट्रूनेट मशीन से कराई गई है, जबकि सबसे अधिक 27 हजार छह सौ 51 जांच एंटीजन किट से कराई गई है।