-बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर हुआ हादसा, घायल युवक का दिल्ली के निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
फोटो 8 ए और बी
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट/बिनौली(बागपत)। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर शुक्रवार शाम दाहा के पास कार की टक्कर लगने से आरिफपुर खेड़ी गांव के विश्वास (36) की मौत हो गई। वहीं उनका दोस्त निशांत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। विश्वास अपने परिवार के इकलाैते बेटे थे।
आरिफपुर खेड़ी निवासी विश्वास अपने दोस्त निशांत के साथ शुक्रवार शाम बाइक से बुढ़ाना की तरफ जा रहे थे। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जैसे ही दाहा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विश्वास और निशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने घायलों का बिनौली सीएचसी में उपचार कराया। चिकित्सकों ने घायल विश्वास को मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया, जबकि निशांत को परिवार वाले दिल्ली के निजी अस्पताल में लेकर चले गए।
मेरठ मेडिकल पहुंचने से पहले ही विश्वास की मौत हो गई। बताया कि विश्वास के पिता दरियाव की नौ माह पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद से विश्वास खेतीबाड़ी कर रहे थे। उनके परिवार में मां सुशीला, चाचा ब्रह्मपाल व साहब सिंह रह गए हैं। विश्वास अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, जिनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है।
विश्वास के जीजा सागर निवासी शेरपुर लुहारा ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इस मामले में जांच अधिकारी थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि कार चालक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही उसका पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।