खेकड़ा। एक गांव की महिला ने शनिवार को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि दो लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे जबरन खेतों में ले जाने का प्रयास किया। पुलिस से शिकायत करने पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
महिला ने बताया कि पांच वर्ष पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपने दो बच्चों के साथ अकेली रहती है और परिवार चलाने के लिए दिल्ली में कपड़े की कंपनी में नौकरी करती है। वह रोजाना ट्रेन से नौकरी पर जाती है। आरोप है कि दो लोग उसके साथ ट्रेन में भी छेड़छाड़ करते थे और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते थे। 28 जून की शाम को जब वह गांव के रेलवे हॉल्ट पर ट्रेन से उतरकर घर जा रही थी, तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोका। उन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन खेतों में ले जाने लगे। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।
जांच अधिकारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि आरोपी मुकेश और सूरज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महिला को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।