संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को जिलेभर में छापामारी अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावा, पनीर, लड्डू, बर्फी, गुजिया आदि के 11 सैंपल लिए और सौ किलो मावा नष्ट कराया गया।
सहायक खाद्य आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि कैंटर गाड़ी को सराय मोड़ पर रोककर 40 किलो मावा नष्ट कराया, जो मौसम निवासी तिरोठा दिल्ली लेकर जा रहा था। सलीम निवासी मुजफ्फरपुर पोइस के मावे का नमूना लिया गया। वहां पर एक अन्य कैंटर रोककर मुफीद खान निवासी तिलपनी और फेरू निवासी विजयवाड़ा के मावे के नमूने लिए गए। इनके अलावा नफीस निवासी अहमदपुर गठीना की मावा भट्ठी से मावे का नमूना लिया गया। मीर हसन निवासी अहमदपुर गठीना की मावा भट्ठी से मावा व वनस्पति घी का नमूना लिया गया और 12 किलो वनस्पति घी को जब्त किया। वहां से 60 किलो मावा भी नष्ट कराया गया। भगत जी स्वीट्स मेरठ रोड बागपत से काजू बर्फी, ब्रेकप्वाइंट बागपत से गुजिया, ग्रीन रेस्टोरेंट रमाला से बूंदी लड्डू, हाईवे बीट्स रेस्टोरेंट रमाला, बड़ौत से पनीर का नमूना लिया गया। इनको जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।