सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत, तीन घायल
अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के सराय-बिनोली मार्ग पर पुठड़ गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेरठ रेफर किया गया। पुलिस ने पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बृहस्पतिवार की देर शाम बालैनी थाना क्षेत्र के रोशनगढ़ गांव निवासी शिवकुमार पुत्र रंजीत और सिंघावली अहीर गांव निवासी संजय बाइक पर सवार होकर किसी काम से सराय मोड़ जा रहे थे। जैसे ही वह सराय-बिनोली मार्ग पर पुठड़ गांव के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें 26 वर्षीय शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठे सिंघावली अहीर निवासी संजय और दूसरी बाइक पर सवार रोशनगढ़ निवासी रोहित पुत्र श्याम और नरेंद्र पुत्र चंद्र किरण गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची सिंघावली अहीर पुलिस ने घायलों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।