खेकड़ा (बागपत)। दुल्हैंडी के दिन क्षेत्र के गांव सुन्हैडा, बसी, गोठरा, डगरपुर व हसनपुर मसूरी में हुड़दंगियों ने उत्पात मचाया। इस हुड़दंग में पांच महिलाओं समेत 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी घायलों का खेकड़ा सीएचसी में इलाज कराने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
क्षेत्र के गांव बसी मे दुल्हैंडी पर मंगलवार को शाम करीब पांच बजे शराब के नशे में हुड़दंग मचा रहे हुड़दंगियों ने पुरानी कहासुनी को लेकर ग्रामीण सुनील के मकान में घुसकर सुनील, अनिल, सुभाष पुत्र इलम चंद, भारती पुत्री सुनील, अनीता पत्नी सुनील, रेखा पत्नी अनिल व प्रियंका पत्नी सुभाष को लाठी डंडो से हमला कर घायल कर दिया। कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर हमलावरों से उन्हें बचाया।
गांव सुन्हैड़ा में फरमान व रिहाना को पड़ोसी दो युवकों ने आपसी कहासुनी के चलते हमला बोलकर घायल किया। गांव गोठरा में शाम करीब चार बजे कहासुनी के चलते एक ही परिवार के लोगों में हुई मारपीट में एक पक्ष के जोगेंद्र, नीटू, दूसरे पक्ष का तिलकराम घायल हो गए। लोगों ने हस्तक्षेप कर मारपीट बंद कराई। गांव हसनपुर मसूरी में दीवार निर्माण को लेकर हुई मारपीट में दोनो पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चारों लोगों को हिरासत में ले लिया। दोपहर के समय गांव डगरपुर में भी शराब पीकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। सभी गांवों के घायलों ने कोतवाली में हमलावरों के खिलाफ हमला करने की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर सभी घायलों का सीएचसी में इलाज कराया। पुलिस ने घायलों की तहरीर पर हुडदंग मचाने वाले 14 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मारपीट के मामलों की जांच करने में जुटी है। साथ ही मारपीट के मामलों में कुछ लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा त्योहार पर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।