-काठा के संविलियन विद्यालय नंबर दो में एक शिक्षिका अनुपस्थित तो एक छुट्टी स्वीकृति के बिना ही अवकाश पर मिली
फोटो - 3
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। डीएम ने सोमवार को काठा गांव के संविलियन विद्यालय नंबर दो का निरीक्षण किया। स्कूल में छात्रों की उपस्थिति कम और मिड-डे-मिल की गुणवत्ता भी खराब मिली। स्कूल की एक शिक्षिका अनुपस्थित तो एक शिक्षिका बिना अवकाश की स्वीकृति के छुट्टी पर मिली। डीएम ने प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को काठा गांव के संविलियन प्राथमिक विद्यालय नंबर 2 और लर्निंग लैब आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। स्कूल में 13 में से 5 शिक्षक प्रशिक्षण और दो शिक्षक अवकाश पर मिले। शिक्षिका ममता अनुपस्थित मिली और अफसाना छुट्टी पर थी, मगर अवकाश का प्रार्थना पत्र नहीं मिला और न ही प्रेरणा एप पर उनकी छुट्टी स्वीकृत मिली। स्कूल में 339 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 120 छात्र उपस्थित मिले। छात्रों की कम संख्या पर डीएम ने प्रधानाचार्य पूनम दीक्षित को कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम ने कक्षा तीन की छात्रा मधु से गणित में गुणा के सवाल कराए और आठ का पहाड़ा भी सुना। जिलाधिकारी ने मिड-डे-मील की गुणवत्ता देखी। सब्जी में तेल का प्रयोग न करने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में सुधार और शिक्षण कार्य बेहतर करने के निर्देश दिए।