बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वयन नहीं करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बिजली की आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंगलवार को डीएम ने विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी से प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, आयुष्मान योजना, कन्या सुमंगला योजना, सीएचसी व पीएचसी में सर्दी के दृष्टिगत कंबलों व अलाव की व्यवस्था, डाक्टरों की उपलब्धता एवं दवाइयों की उपलब्धता के संबंध में समीक्षा की। पंचायत राज विभाग की विभाग की समीक्षा की, उन्होंने कहा कि जो इज्जतघर बनाए गए हैं उनका सत्यापन कर लिया जाए कि इस्तेमाल हो रहा है या नहीं। गोवंश आश्रय स्थल की साफ-सफाई होनी चाहिए। गोवंश सड़क पर नहीं दिखाई देना चाहिए। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि मिड-डे मील की गुणवत्ता चयन किया जाए। 15 से 20 अध्यापकों का प्रतिदिन खंड शिक्षा अधिकारी निरीक्षण करें। विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन व छात्रवृत्ति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा तथा राशन वितरण की भी समीक्षा की।
उन्होंने पाइप पेयजल योजना की समीक्षा करते हुए कडे़ निर्देश दिए कि पाइप पेय जल योजनाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जाएं। 50 लाख रुपये से ऊपर की परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, शासन द्वारा आवंटित धनराशि के प्रयोग व यूसी भेजे जाने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए। उन्होंने निर्माणाधीन गोसंरक्षण केंद्र सरूरपुर के कार्य से नाराजगी व्यक्त करते हुए उसमें सुधार करने के निर्देश दिए। सीडीओ पीसी जायसवाल, डीडीओ हूबलाल, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार मौजूद रहे।
खनन अधिकारी को नोटिस, वन विभाग के एसडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने कर करेत्तर, राजस्व कार्यक्रमों, राजस्व वसूली, नगर निकायों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। स्टांप विभाग के सब रजिस्ट्रार, आबकारी के समस्त इंस्पेक्टर को कठोर चेतावनी जारी की। नगर निकाय से संबंधित नगर पंचायत छपरौली टिकरी, बड़ौत, बागपत के अधिशासी अधिकारियों को राजस्व वसूली में वृद्धि न करने पर कठोर चेतावनी जारी की। बड़ौत, बागपत ,खेकड़ा के तहसीलदार को भी राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष न करने पर कठोर चेतावनी जारी की। जिलाधिकारी ने कहा राजस्व वसूली में कोई भी लापरवाही ना करें। जो तहसीलदार राजस्व वसूली करने में असक्षम है, उनके प्रति कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा 10 बड़े बकायेदारों का नाम तहसील के बोर्ड पर अवश्य लिखा होना चाहिए। 16 जनवरी से 22 जनवरी तक आबकारी वाणिज्य स्टांप खनन की बड़े बकायेदारों की आरसी जारी की जाए और वसूली की जाए इसमें कोई भी लापरवाही न की जाए। जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी बिना सूचना दिए बैठक में अनुपस्थित रहे कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वानिकी कार्यों में एसडीओ वन विभाग ने कार्य के प्रति रुचि ना लेने के कारण जिलाधिकारी ने प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। एडीएम अमित कुमार सिंह, एसडीएम मौजूद रहे।
सफाई कराएं अधिकारी
बागपत। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुबह सात से नौ बजे तक अपने क्षेत्रों में जाकर सफाई कराएं।