- बड़ौत विधानसभा क्षेत्र में शत प्रतिशत हुआ कार्य पूरा, बागपत व छपरौली विधानसभा क्षेत्र में नहीं हुआ कार्य पूरा
- 1583 वोटरों के नहीं जमा हुए फार्म, दस प्रतिशत लोग बाहर रहने वाले तो मृतक भी मिले, जांच के बाद हटेंगे नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में अभी तक एसआईआर का 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है और इसके लिए समय बढ़ा दिया गया है। जिले में 1583 वोटरों के अभी तक फार्म जमा नहीं है और अब अफसर उन्हें तलाशेंगे। इसके लिए प्रधान व स्थानीय लोगों की मदद ली जाएगी।
एसआईआर का कार्य पूरा करने के लिए 11 दिसंबर तक का समय था, लेकिन अभी तक शत प्रतिशत कार्य पूरा नहीं होने के कारण अब समय बढ़ा दिया गया है। अब 26 दिसंबर तक एसआईआर का कार्य किया जाएगा। जिले में एसआईआर का 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और अभी तक 1583 वोटरों ने अपने फार्म जमा नहीं किए हैं। इन्हें ढूंढने के लिए शिक्षकों व अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
शिक्षक व अधिकारी प्रधान व स्थानीय लोगों की सहायता से इन्हें ढूंढने का कार्य करेंगे। बड़ौत विधानसभा क्षेत्र में शत प्रतिशत कार्य हो चुका है। बागपत व छपरौली में 99 प्रतिशत कार्य हुआ है। छपरौली में 1144 वोटर तो बागपत में 439 वोटरों की तलाश शुरू हो गई है। अफसर इनकी तलाश करने के बाद ऑनलाइन डाटा फीड करेंगे, ताकि जिले में शत प्रतिशत कार्य किया जा सके। डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
10 फीसदी लोग रहते हैं बाहर तो चार हजार से अधिक मिले मृतक
जिले में दस फीसदी से अधिक लोगों के बाहर होने का आंकड़ा जुटाया गया है और चार हजार से अधिक लोग मृतक मिले हैं। अब इनकी वोट काटने की तैयारी शुरू हो गई है। 26 दिसंबर तक सभी फार्म ऑनलाइन अपलोड करने के बाद वोट काटने की कार्रवाई की जाएगी।