संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विकास भवन सभागार में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इस दौरान डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कई अधिकारियों को डायरी व सही रिपोर्ट लेकर नहीं आने पर फटकार लगाई। साथ ही कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि दिशा की पूर्व बैठक में जो समस्या बताई गई है, उनका सही तरीके से अनुपालन नहीं किया गया और न ही सही आंकड़े दिए गए हैं। डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाएं और इसका निस्तारण करने में लापरवाही न बरतें। निर्देश दिए कि अधिकारी आपस में पत्राचार न करें और आपस में समन्वय अच्छा स्थापित रहना चाहिए, जिससे की सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलेगी और समय की भी बचत होगी। आपस में पत्राचार करने से जनता का समय खराब होता है और गलत संदेश जाता है। इस दौरान सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एडीएम पंकज वर्मा, एसडीएम अमरचंद वर्मा, डीडीओ अखिलेश कुमार चौबे मौजूद रहे।